संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मई में गर्मी की तपिश चरम पर है। दिन का तापमान चार डिग्री तक बढ़ गया है। बुधवार को पूरे दिन धूप खिली रही जिससे दोपहर शहर में लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर या फिर सिर को ढककर नजर आए। मौसम विभाग ने आगामी 25 मई से नौतपा शुरू होने का अनुमान जताया है।
गत रविवार को शाम को आए तेज तूफान व बारिश होने से थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन अगले ही दिन गर्मी ने अपना पारा दिखना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव हो रहे है जिससे कारण तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है।
न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 37.8 तक पहुंच गया था। हालांकि इस दौरान दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए। अभी मौसम विभाग का कहना कि आगे मई में अगले एक सप्ताह तक गर्मी ऐसे ही बनी रहेगी। उत्तर पूर्वी हवाओं के बीच आसमान पर बादलों की आवाजाही भी रहेगी।
कृषि विज्ञान केंद्र कैथल के मुख्य समन्वयक डॉ. रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि आने वाले दिनों में गर्मी ऐसे ही सताएगी। हालांकि बीच में बादल आने से थोड़ी राहत मिल सकती है।