05-कैथल। कोरोना जांच के लिए सैंपल लेते हुए स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : Kaithal
कैथल। कोरोना के नए वैरिएंट के बाद स्वास्थ्य विभाग फिर सक्रिय हो गया है। हर रोज 400 से 500 की टेस्टिंग को विभाग ने बढ़ाकर कम से कम 700 से 1000 तक करने का फैसला लिया है। फिलहाल जिला अस्पताल सहित सभी पीएचसी और सीएचसी पर टेस्ट के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं। साथ ही विदेशों से आने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अब तक इस अवधि में 71 लोग विदेशों से आ चुके हैं, जिन्हें क्वारंटीन किया गया है।
जिले में इस समय कोरोना का महज एक मामला है और स्थिति नियंत्रण में है। साथ ही हर रोज करीब 400 से 500 तक सैंपल लेकर कोरोना की जांच की जा रही थी, लेकिन देश में नया वैरिएंट आने के बाद अब टेस्टिंग बढ़ाई गई है। विभागीय अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि हर रोज कम से कम 700 से 1000 लोगों की सैंपलिंग करते हुए कोरोना की टेस्टिंग की जाए। वहीं टीकाकरण को भी बढ़ाया गया है। जिले में अब तक 9 लाख 81 हजार 531 व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा चुका है। शुक्रवार को 5622 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। जिले में स्टॉक में कोविशील्ड 154750 तथा कोवॉक्सीन के 50705 उपलब्ध हैं। जिले में 11 हजार 247 कोरोना के मरीजों में से 10 हजार 899 मरीज ठीक हो चुके हैं।
सीएमओ डा. जयंत आहूजा ने बताया कि कोरोना को लेकर सतर्कता और टेस्टिंग की गति बढ़ाई गई है। विदेशों से आने वाले लोगों पर विशेष नजर रखते हुए उन्हें क्वारंटीन किया जा रहा है। इस अवधि में अभी तक 71 लोग विदेशों से आ चुके हैं, जो विभाग की निगरानी में हैं।
डीसी प्रदीप दहिया ने कहा कि कोरोना को लेकर जिले में स्थिति नियंत्रण में है। फिर भी जिले के लोगों से अपील है कि वे कोरोना नियमों का पालन करें। दिन में जब भी घर से बाहर जाएं और वापस आएं तो ज्यादा से ज्यादा बार हाथ धोएं, मॉस्क का प्रयोग करें। एक दूसरे से दो गज की दूरी के नियम का भी पालन करें। यदि किसी ने टीका नहीं लगवाया है तो वह टीका लगवाए।