11-सीवन। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र। इसी केंद्र में जर्जर हुए भवन की जगह पर नई इमारत बनाई जानी है।
- फोटो : Kaithal
कैथल। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीवन का नया भवन बनाया जाएगा। निर्माण के संबंध में विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। अस्पताल की इमारत गिराने के लिए सिविल सर्जन ने निदेशक को पत्र लिखा है। अब विभाग को नगर में किराये के भवन की तलाश है। यह भवन मिलते ही जर्जर इमारत को गिराने का कार्य शुरू किया जाएगा।
सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि फिलहाल अस्पताल शिफ्ट करने के लिए किराये का भवन ढूंढा जा रहा है। इसके मिलते ही निर्माण की दिशा में कार्य शुरू किया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले वर्ष ही सीवन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन की सरकार की तरफ से मंजूरी मिली थी। हालांकि अभी इसके बजट की घोषणा नहीं की गई है। इमारत गिराने के बाद नए सिरे से भवन निर्माण के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाई जाएगी। इसके बाद नक्शे का निर्माण होगा। दूसरे चरण में इसका बजट जारी किया जाएगा। यह काम होते ही नए भवन का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
वर्तमान में 16 बेड का है अस्पताल
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीवन का नया भवन बनने के बाद यहां आने वाले मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में इजाफा होगा। अस्पताल में इस समय कुल 16 बेड हैं। नया भवन 30 बेड का बनाया जाएगा। इससे यहां पर आने वाले मरीजों को कैथल जाने की जरूरत नहीं होगी। इस समय खंड सीवन के अधीन आने वाले 30 से अधिक गांवों के ग्रामीण यहां पर इलाज करवाने के लिए पहुंचते हैं। नए सिरे से अस्पताल का भवन बनने के बाद मरीजों को अधिक सुविधाएं यहां मिल पाएंगी।
इन गांवों को होगा फायदा
अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ने से सीवन सहित गांव पोलड, फिरोजपुर, मलिकपुर, खानपुर, सौथा, हरनौला, खेड़ी गुलाम अली, फर्श माजरा, डेरा झबरा, गोबिंदगढ़, रामदासपुरा व अन्य कई गांवों को फायदा मिलेगा। इन गांवों के लोगों को अस्ताल में अतिरिक्त सुविधाएं मिलने के कारण कैथल या चीका नहीं जाना पड़ेगा। साथ में धन और समय की भी बचत होगी।