जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
स्वास्थ्य विभाग की टीम के अभियान के दौरान विभिन्न 17 जगहों पर डेंगू के मच्छर का लार्वा पाया गया। डा. नवराज के नेतृत्व में टीम ने गांव रोहेड़ियां और कमल कालोनी में खड़े पानी में लार्वा की तलाश की।
गांव रोहेड़ियां में डेंगू का लार्वा पाए जाने एवं एक व्यक्ति को डेंगू की पुष्टि होने पर लगातार दूसरे दिन विभाग की टीम ने जांच अभियान चलाया। यहां दो लोगों के घरों में डेंगू के मच्छर का लार्वा पाया गया। इसके बाद टीम ने कैथल में कमल कालोनी में जांच अभियान चलाया। जहां कबाड़ी की दुकान में पड़े 15 टायरों में भरे पानी में डेंगू फैलाने वाले मच्छर का लार्वा पाया गया।
इन सभी को स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस जारी किया है। डा. नवराज ने आमजन से आह्वान किया कि वे घरों में या फिर आस-पास में पानी खड़ा ना होने दें। यदि कहीं पानी खड़ा है तो उसमें सरसों या फिर मिट्टी के तेल की कुछ बूंदें डाल दें। बुखार होने पर डॉक्टर से सलाह लें। जिला महामारी अधिकारी शमशेर सिंह सहित तीन टीमें इस अभियान में शामिल रहीं। डिप्टी सिविल सर्जन डा. देवेंद्र सिंह ने कहा कि विभाग द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है।