संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हनुमान वाटिका में हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के सदस्यों ने बुधवार को बैठक की। इस मौके पर सैंकड़ों कर्मचारियों ने सरकार की वादाखिलाफी व मानी गई मांगों को लागू नहीं करने पर जमकर नारेबाजी की।
इस अवसर पर रोडवेज वर्कर्स यूनियन के वरिष्ठ नेता जसबीर सिंह व सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान शिव चरण ने कर्मचारियों को कहा सरकार की ओर से बार-बार की जा रही वादाखिलाफी से कर्मचारियों में भारी रोष है। आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार व विभाग के उच्चाधिकारी रोडवेज कर्मचारियों की मांगों के लिए गंभीर नहीं है। कहा हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन सरकार की वायदा खिलाफी का जवाब देने के लिए अपनी वोट का प्रयोग करेगी। पुरानी पेंशन बहाली, जोखिम भत्ता देने पर सरकार बिल्कुल गम्भीर नहीं है।
बेड़े में 10 हजार बसों को शामिल किया जाए, ताकि 60 हजार बेरोजगारों को रोजगार मिल सके। 2016 को भर्ती चालकों सहित कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। इस बैठक की अध्यक्षता डिपो प्रधान अमित कुमार कुंडू ने की। जबकि बैठक का संचालन डिपो सचिव कृष्ण गुलियाणा ने किया। इस मौके पर राज्य नेता जसबीर सिंह, विक्रम, शिवचरण आदि मौजूद रहे।