संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला बार एसोसिएशन जींद के आह्वान पर बुधवार को तीसरे दिन भी वकीलों की हड़ताल जारी रही। हड़ताल को लेकर जिला बार एसोसिशन के प्रधान बलजिंद्र सिंह मलिक ने बताया कि जब तक जींद की डीएसपी खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं होती। तब तक वे इस लड़ाई में जींद के वकीलों के साथ खड़े रहेंगे। यह वकीलों के मान सम्मान का मामला है।
बुधवार को भी वकील अदालतों में पेश नहीं हुए और वर्क सस्पेंड रखा। इस हड़ताल के कारण दू दूर से आए मुवक्किलों को खासी परेशानी हुई। मुवक्किल तारीख लेने के लिए भटकते दिखे। जिला बार एसोसिएशन की ओर से नियुक्त किए गए प्रॉक्सी काउंसिल केवल केसों में तारीख ले रहे थे। बलजिंद्र सिंह मलिक ने कहा कि कैथल के वकील हर प्रकार से जींद के वकीलों के साथ हैं।
मलिक ने कहा कि जब तक जींद के वकीलों को न्याय नहींं मिलता, तब तक कैथल के वकील हड़ताल पर रहेंगे। बताया कि 12 सितंबर को भी कैथल की अदालतों में काम काज ठप रहेगा। वकीलों की मांग है कि पुलिस विभाग या राज्य सरकार डीएसपी गीतिका जाखड़ के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करे वरना हड़ताल चलती रहेगी।
मलिक ने बताया कि डीएसपी गीतिका जाखड़ ने जिला बार एसोसिएशन जींद के प्रधान राकेश मलिक व कुछ अन्य वकीलों के साथ उस समय बदसलूकी की जब वकील उनके पास किसी शिकायत के मामले में गए थे।