संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पैरालंपिक तीरंदाज हरविंदर सिंह और पर्वतारोही रीना भाटी को 13 जुलाई को आयोजित होने वाली कैथल हाफ मैराथन का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। दोनों खिलाड़ी स्वयं भी इस मैराथन में भाग लेंगे। हाफ मैराथन को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह 5 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य “ड्रग फ्री हरियाणा” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। डीसी प्रीति और एसपी आस्था मोदी ने बताया कि शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दोपहर बाद कैथल पहुंचेंगे और दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। वे आरकेएसडी कॉलेज में आमजन से मिलेंगे, जनप्रतिनिधियों से संवाद के साथ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।
डीसी ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि अन्य जिलों से अतिरिक्त फोर्स भी बुलाई गई है। एसपी ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
हरविंद्र सिंह ने कहा कि यह केवल दौड़ नहीं, बल्कि समाज को एक सकारात्मक दिशा देने वाला अभियान है। वहीं रीना भाटी ने युवाओं से अपील की कि वे नशे को छोड़कर अपने जीवन में लक्ष्य तय करें और पहाड़ों जैसी दृढ़ता अपनाएं। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी, जिला प्रभारी अमरपाल राणा, वरिष्ठ नेता अशोक गुर्जर, आरकेएसडी कॉलेज प्रधान अश्वनी शोरेवाला आदि मौजूद रहे।
पुरस्कार की राशि
डीसी ने बताया कि हाफ मैराथन (21 किमी) के विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे:
n
प्रथम पुरस्कार: 1,21,000 रुपये
n
द्वितीय पुरस्कार : 1,00,000 रुपये
n
तृतीय पुरस्कार: 75,000 रुपये
10 किलोमीटर मैराथन में विजेता को 1,00,000 रुपये, द्वितीय को 75,000 रुपये और तृतीय को 50,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा। 5 किलोमीटर की दौड़ ‘रन फॉर फन’ होगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग श्रेणी भी निर्धारित की गई है।
यह रहेगा मैराथन रूट
n
5 किमी : विश्राम गृह से आरकेएम पैलेस तक जाकर वापसी (ढाई-ढाई किमी)
n
10 किमी : विश्राम गृह से एचसीटीएम कॉलेज तक एक चक्कर (5-5 किमी)
n
21 किमी : विश्राम गृह से एचसीटीएम कॉलेज तक दो चक्कर (10.5-10.5 किमी)
यातायात में बदलाव
रविवार को अंबाला रोड छोटू राम चौक से राधा स्वामी सत्संग भवन, चीका चौक से विश्वकर्मा चौक, खुराना बाईपास से आरकेएम पैलेस, ढांड रोड से ड्रेन रोड, सेक्टर 20 व 21 से अंबाला रोड व मिहिरभोज चौक से अंबाला बाईपास तक मार्ग बंद रहेंगे।