सेक्टर 18 के पार्क में दोबारा से लगाए हुए झूले। संवाद
कैथल। सेक्टर-18 के सार्वजनिक पार्क से हटाए गए ओपन जिम को शिकायत के बाद दोबारा लगा दिया गया है। जिम हटाए जाने से नाराज सेक्टरवासियों की ओर से उपायुक्त अपराजिता को शिकायत दी गई थी। इसमें पार्क की सुविधाएं बहाल करने के साथ संबंधित विभाग के जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायत के बाद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने जिम को वापस पार्क में लगवा दिया।
सेक्टरवासियों के अनुसार करीब पांच दिन पहले विभाग की ओर से पार्क में लगा ओपन जिम हटा दिया गया था। उनका आरोप था कि विभाग के जेई ने जिम को पार्क से हटवाकर अपने गोदाम में रखवा दिया। इससे पार्क में आने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी। स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लगाए गए ओपन जिम का महिलाएं भी नियमित रूप से इस्तेमाल कर रही थीं। जिम हटने के बाद सेक्टरवासियों ने एसोसिएशन के माध्यम से विभाग के खिलाफ शिकायत की थी।
तीन साल पहले हाईटेंशन लाइन के नीचे से हटाए झूले, आज तक नहीं लगे
पार्क में बच्चों के लिए लगाए गए झूलों का मामला अभी भी लंबित है। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब तीन साल पहले विभाग ने हाईटेंशन लाइन के नीचे झूले लगाए थे। इसके बाद लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए झूलों को वहां से हटाकर पार्क के किसी सुरक्षित स्थान पर लगाने की मांग की थी। विभाग ने झूले तो हाईटेंशन लाइन के नीचे से हटा दिए लेकिन उन्हें दोबारा पार्क में नहीं लगाया। सेक्टरवासियों का कहना है कि जिम दोबारा लगाए जाने से पार्क की एक सुविधा बहाल हुई है लेकिन बच्चों के लिए झूले भी जरूरी हैं। एसोसिएशन के प्रधान बलबीर सिंह ने बताया कि पार्क में दोबारा से ओपन जिम दोबारा से लगा दी गई है। झूले अभी नहीं लगे हैं। प्रशासन से मांग है कि बच्चों के लिए हटाए गए झूले जल्दी लगाए जाएं।
सेक्टर 18 के पार्क में दोबारा से लगाए हुए झूले। संवाद