संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। प्रदेश सरकार की ग्रुप डी भर्ती प्रक्रिया में चयनित युवाओं में से अब तक 60 का मेडिकल परीक्षण पूरा हो चुका है। पिछले तीन दिनों से अभ्यर्थी मेडिकल करवाने जिला नागरिक अस्पताल पहुंच रहे हैं। सभी को फिटनेस प्रमाण पत्र पुराने अस्पताल से मिलने थे, लेकिन शनिवार की छुट्टी के कारण प्रमाण पत्र जारी नहीं हो सके।
ऐसे में अस्पताल प्रशासन ने चयनित युवाओं को सोमवार को फिर से आने के निर्देश दिए हैं। इससे अभ्यर्थियों में निराशा का माहौल है। अस्पताल पहुंचे अभ्यर्थियों की शुरुआत में सामान्य जांच की गई, जिनमें ब्लड प्रेशर, शुगर, आंखों की जांच और अन्य प्राथमिक टेस्ट शामिल थे। इसके अलावा कई युवाओं की हड्डियों की जांच और एक्स-रे भी किए गए।
सोमवार को लग सकती हैं लंबी कतारें ः अस्पताल प्रशासन के अनुसार अब तक अपेक्षाकृत कम संख्या में अभ्यर्थी मेडिकल के लिए पहुंचे हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में चयनित युवा दस्तावेज और मेडिकल करवाने आ सकते हैं।
अभ्यर्थियों के अलावा अन्य मरीजों की भीड़ के चलते व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। वैसे भी सोमवार को अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा मरीज पहुंचते हैं। जहां सामान्य दिनों में ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या एक हजार से 1500 होती है वहीं सोमवार को यह संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में चयनित युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रुप डी के चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल किया जा रहा है। अब तक 60 युवाओं का मेडिकल पूरा हो चुका है। सोमवार को भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी और बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की उम्मीद है। सभी जांच पूरी होने के बाद प्रमाण पत्र पुराने अस्पताल से ही जारी किए जाएंगे। -डॉ. दिनेश कंसल, पीएमओ-जिला नागरिक अस्पताल, कैथल