हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड ने धान के सीजन में चल रही धान की खरीद में फर्जी बिलिंग, गेटपास सहित अन्य गड़बड़ियों की जांच और शिकायतों के निपटान के लिए शिकायत निवारण समितियों का गठन किया है। ऐसी ही एक समिति ने मंगलवार को कैथल की नई अनाज मंडी व चीका में पहुंच कर रिकॉर्ड खंगाला। जिसमें खरीद को लेकर कागजात जांचने के अलावा आढ़तियों, किसानों से भी बातचीत की गई।
मार्केटिंग बोर्ड द्वारा जेड एमईओ शैलेश वर्मा की अगुवाई में पहली टीम में डीएमईओ रमेश गोयल, राजीव चौारी, महावीर िसंह, राममेहर जागलान, अजय श्योराण, राधेश्याम शर्मा व ईश्वर राणा की टीम गठित की है। जो पंचकूला, अंबाला, यमूनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, फरीदाबाद, पलवल, कैथल, जींद, फतेहाबाद व सिरसा में धान की फर्जी बिलिंग, आवक व उठान, मंडी में आने वाले वाहनों की इंट्री, धान खरीद में समस्याओं के समाधान करवाने का काम करेगी।
दूसरी टीम जेडएमईओ निहाल सिंह की अगुवाई में सदस्य डीएमईओ हवा सिंह, साहिब राम, ओमवीर सिंह, श्याम सुंदर, राज कुमार व सौरभ चौधरी को शामिल किया गया है। इस टीम को हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, रेवाड़ी, नारनौल का जिम्मा दिया गया है।
कैथल में डीएमईओ राममेहर जागलान की अगुवाई में डीएमईओ अभिनव वालिया, मार्केट कमेटी सचिव लाडवा जसबीर सिंह सहित करीब 20 सदस्यों की टीम मंगलवार को कैथल मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंची। जहां टीम ने कई घंटों तक रिकॉर्ड खंगाला। यहां अब तक हुई खरीद, गेटपास, उठान की जानकारी जुटाई। साथ ही आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान कृष्ण मित्तल, मंडी में धान बिक्री के लिए आए किसानों से भी बातचीत की। दोपहर बाद पूरी टीम गुहला-चीका मार्केटिंग बोर्ड कार्यालय पहुंची। जहां टीम ने इसी प्रकार से कागजात खंगाले।
टीम इंचार्ज डीएमईओ राममेहर जागलान ने कहा कि आढ़तियों, किसानों, मजदूरों की समस्याओं, मंडी में खरीद की स्थिति को लेकर जानकारी जुटाई है। अभी कागजात की जांच कर रहे हैं।