कैथल। चोरों ने पूंडरी में एक दुकान में सेंध लगाकर करीब 10 लाख रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया। दो अन्य जगहों से भी चोर सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने तीनों ही मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में पुलिस को दी शिकायत में पूंडरी निवासी विपिन कुमार ने बताया कि किसान भवन के पास अनाज मंडी गेट पर उनकी अग्रवाल इलेक्ट्रिक स्टोर के नाम से दुकान है।
सोमवार की सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा तो दुकान के ताले टूटे हुए मिले। दुकान खोलने पर पता चला कि चोर दुकान में से नौ से 10 लाख रुपये के सामान चोरी कर ले गए। इसमें बिजली की बड़ी मोटरों वाले तांबे के तारें, तांबे की सबमर्सिबल मोटरों के तार आदि के अलावा छत वाले पंखे शामिल हैं। उसने पुलिस को शिकायत देकर सामान वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
दूसरे मामले में पुलिस को दी शिकायत में गैबी साहब कालोनी निवासी जयपाल ने बताया कि वह अपने काम से गांव उझाना में गया था। उसकी मां पानीपत गई हुई थी। पीछे से चोर घर का ताला तोड़कर घर से पांच हजार रुपये नकद, दो चांदी की चैन, अंगूठी व बर्तन, कपड़े सहित एलईडी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
तीसरे मामले में पुलिस को दी शिकायत में किच्छाना निवासी दिलबाग ने बताया कि चोर उसके घर से बिजली का पंप किच्छाना निवासी पवन ने चोरी किया है। साथ ही पता चला है कि उसने ओमबीर के घर से भी इसी तरह का पंप चोरी किया है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है।