संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। उपमंडल के गांव पिंजुपुरा स्थित बाबा बिशन पुरी मंदिर में शुक्रवार रात चोरी हो गई। चोर िसलिंडर, हुक्का, घंटी, पीतल का सामान और दानपात्र चोरी कर ले गए हैं।घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, हालांकि आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों सत्यवान, कुलदीप, गुरमेल, प्रवीण, शमशेर सिंह, अनिल व प्रीतम ने बताया कि मंदिर गांव की सीमा पर स्थित है। शुक्रवार शाम पुजारी भोजन करने के बाद जब मंदिर लौटा तो कपाट खुले मिले। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तब चोरी की पता चला।
ग्रामीणों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मंदिर में घुसकर सामान लेकर बाहर निकलता दिखाई दे रहा है, जबकि बाहर एक अन्य युवक बाइक पर उसका इंतजार कर रहा था। दोनों युवक गांव के नहीं बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, चोरों ने पहले मंदिर की रेकी की और यह पता लगाया कि पुजारी किस समय भोजन के लिए जाता है और कितनी देर अनुपस्थित रहता है। इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है, लेकिन जिस बाइक से वे भागे उसका नंबर स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।