संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। शहर में विकास कार्यों को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करोड़ों रुपये की विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन योजनाओं के तहत वार्ड-8 स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम परिसर में 95 लाख रुपये से सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा वार्ड-1 में 1 करोड़ रुपये से संत शिरोमणि गुरु रविदास सामुदायिक भवन, वार्ड-12 में 2 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से भगवान परशुराम सामुदायिक भवन का अधूरा निर्माण पूरा किया जाएगा।
पार्क, लाइब्रेरी और द्वार निर्माण भी शामिल : योजनाओं में 1 करोड़ 90 लाख रुपये से महाराजा अग्रसेन पार्क का सौंदर्यकरण, 35 लाख रुपये से डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय, तथा 1 करोड़ 5 लाख 25 हजार रुपये से कैथल रोड पर भगवान कपिल मुनि द्वार और श्री कृष्ण द्वार का निर्माण शामिल है।
इसके साथ ही विश्वकर्मा वाटिका में 1 करोड़ 33 लाख 48 हजार रुपये की लागत से ई-लाइब्रेरी और 3 करोड़ 59 लाख 7 हजार रुपये से कैथल-नरवाना मार्ग व कपिल मुनि धाम मार्ग पर जल निकासी के लिए नाले का निर्माण भी किया जाएगा। इन विकास कार्यों को लेकर नगर पालिका की बजट बैठक में पार्षदों ने प्रमुखता से आवाज उठाई थी। पूर्व राज्य मंत्री कमलेश ढांडा की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के समक्ष यह मांग रखी गई थी, जिस पर अब सरकार ने मुहर लगा दी है।
अग्रवाल सेवा समिति के प्रधान नंबरदार संजय सिंगला और अन्य प्रतिनिधियों ने खुशी जताई है। उधर, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव राजपूत ने कहा कि ‘दिव्य नगर योजना’ के तहत वर्ष 2024 में उठाई गई मांगों को सरकार ने पूरा किया है।
नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता अब्दुल वाहब खान ने बताया कि इन विकास कार्यों से शहर का सौंदर्यकरण बढ़ेगा और मूलभूत सुविधाएं मजबूत होंगी।