गुहला-चीका। भागल गांव में एक मकान से सोने के गहने, नकदी और दो लाख रुपये का कपड़ा चोरी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में आरोपियों ने गेट पर लगे ताले को तोड़ा। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। जबकि अंदर के कैमरों की तार काट दी।
चीका थाने में दी गई शिकायत में भागल निवासी सीमा देवी ने बताया कि 23 मई को सुबह वह अपने किसी काम से कैथल आई हुई थी। उसने अपने घर पर ताला लगाया हुआ था। जब शाम को करीब सात बजे अपने घर वापस गई तो घर के दरवाजे पर लगाए ताले की जगह दूसरा ताला दिखाई दिया।
इस पर उसने डायल 112 पर फोन करके पुलिस को बुलाया और पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और ताला तुड़वाया। जब वह मकान के अंदर गई तो देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था और सीसीटीवी कैमरों की तार कटी हुई मिली। इसके अलावा अलमारी का दरवाजा भी खुला पड़ा था। इस दौरान पाया कि उसके जेवर, नकदी और बेचने के लिए रखा करीब दो लाख रुपए का कपड़ा चोरी हो चुका था। उसके घर से करीब 101 ग्राम सोना चोरी हो चुका था, जिसमें एक किटी सेट, तीन अंगूठी, एक जोड़ी कानों की बाली, एक सोने की चेन व एक मंगल सूत्र शामिल था।
नकदी में लगभग डेढ़ लाख रुपये व कपड़े से भरे दो बैग चोरी हो गए। जब घर मे लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी तो जानकारी मिली कि चरण सिंह, नंदी, रितु, सुरेश, सुमन, सुरेश का लड़का व अन्य लोगों ने यह चोरी की है। इससे पहले भी आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया था। चरण सिंह उसपर हमला करने वाले आरोपियों के घर से हथौड़ा और लाठी लेकर आया था। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसकी जमीन लाल डोरा में आती है। उस जमीन को कब्जाने के लिए आरोपी ऐसा कर रहे हैं। रात नौ बजे भी आरोपियों ने उसके घर का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। शिकायतकर्ता ने आरोपियों से जान का खतरा जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।