कलायत। शनिवार रात्रि में आए तेज तूफान व भारी बारिश के कारण कलायत उपमंडल में भारी नुकसान हुआ। बारिश में सैकड़ों नेट हाउस नष्ट हो गए। तूफान में अनेक दुकानों के छप्पर उड़ गए और बड़ी संख्या में बिजली के खंभे व पेड़ गिर गए। जिसके कारण से पूरी रात बिजली गुल रही। शाम करीब 10 बजे शुरू हुआ तूफान सुबह पांच बजे तक तबाही मचाता रहा। महिला कालेज, कन्या स्कूल व सिरसा ब्रांच नहर के किनारे बड़ी संख्या में पौधों के गिरने की सूचना है।
गांव दुब्बल में नेट हाउस के मालिक बलकार नैन, कमलदीप, कृष्ण, अजय व अनिल ने बताया की रात में आए तेज तूफान के कारण से केवल गांव दुब्बल में ही करीब चार करोड़ का नुकसान हो गया। बलकार नैन ने बताया की उनके गांव में करीब 150 नेट हाउस हैं जिनमें इस समय खीरा की खेती तैयार है। तूफान व भारी बरसात के कारण से लगभग 100 नेट हाउस तबाह हो गए। तेज तूफान के कारण से नेट हाउसों की जाली व पाइपें टूट कर उड़ गए और फसल बर्बाद हो गई। नैन ने बताया की इस समय खीरा की फसल तैयार है जिसे नेट हाउस में एक तापमान पर रखा जाता है। तूफान व बरसात के कारण से फसल लगभग खराब हो गई। अनुमान के हिसाब से एक नेट हाउस में करीब 4 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। इस समय कलायत खंड में लगभग 400 नेट हाउस हैं यदि उनके भी नुकसान का आकलन किया जाए तो यह राशि कई करोड़ बनती है।
सिरसा ब्रांच पर गिरे अनेक पौधे : फोरेस्ट विभाग के अधिकारी प्रणपाल ने बताया की शनिवार रात्रि में आए भारी तूफान के कारण से सबसे अधिक पौधे सिरसा ब्रांच पर गिरे हैं। उनके विभाग की टीम द्वारा आकलन किया जा रहा है कि कितने पौधों का नुकसान हुआ है।