संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सीवन थाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूल से घर लौट रही 11वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा का रास्ता रोककर शोहदे ने छेड़छाड़ की। बाइक सवार आरोपी युवक ने छात्रा का पीछा भी किया था। उसके पिता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी पास के गांव के सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ती है। 8 फरवरी को वह स्कूटी पर स्कूल गई थी। छुट्टी के बाद जब वह घर लौट रही थी, तो मुनीम नामक युवक बाइक पर उसका पीछा करने लगा। आरोपी ने सड़क पर बाइक आगे अड़ाकर छात्रा को रोका और उसके साथ छेड़छाड़ की, साथ ही अपशब्द भी कहे।
आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर छात्रा को जान से मारने की धमकी भी दी। डर के कारण छात्रा पहले चुप रही, लेकिन लगातार परेशान किए जाने पर उसने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सीवन थाने की जांच अधिकारी धनपति ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। परिजनों ने बताया है कि आरोपी पहले भी छात्रा को परेशान कर चुका है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी कर चुका था ऐसी हरकत
पुलिस के अनुसार आरोपी युवक पहले भी छात्रा के साथ इस तरह की हरकत कर चुका है, लेकिन उस समय कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। आरोपी लगातार लड़की को परेशान कर रहा था। उसकी हरकतों से छात्रा मानसिक तनाव से गुजर रही थी। इस बीच छेड़छाड़ की यह घटना 8 फरवरी को हो गई। अपराह्न करीब तीन बजे छात्रा स्कूल से घर लौट रही थी तभी आरोपी युवक ने उसके साथ अभद्रता करते हुए फिर छेड़छाड़ की। शिकायतकर्ता लड़की के पिता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।