शनिवार से तीन दिवसीय गीता जयंती समारोह की शुरुआत हो रही है। जिसमें तीन दिनों तक जिले में गीता के संदेश का उजियारा फैलेगा। जिला प्रशासन ने इस उत्सव के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। यहां कमेटी चौक स्थित भाई उदय सिंह के किले के सामने 19 दिसंबर को भव्य प्रदर्शनी लगाई जा रही है।
जिला रैड क्रास सोसायटी द्वारा सनातन धर्म मंदिर में 19 दिसंबर को आयोजित किए जा रहे रक्तदान शिविर का शुभारंभ हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी दोपहर बाद 2 बजे करेंगे। इसके उपरांत राज्य मंत्री द्वारा गीता सार, विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं को प्रदर्शित करती हुई प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। एडीसी जितेंद्र कुमार ने गीता जयंती महोत्सव की तैयारियों का मौके पर निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ये होंगे कार्यक्रम
भाई उदय सिंह के किले के सामने गीता के बारे में जानकारी देते हुए प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिसमें माननीय राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल का गीता जयंती का संदेश तथा गीता से संबंधित अन्य संदेश प्रदर्शित करती 30 फ्लैक्स लगाए गए हैं। विभिन्न विभागों द्वारा क्रियान्वित की जा रही योजनाओं को प्रदर्शित करते फ्लैक्स लगाए गए हैं, जिनके लिए 26 स्टाल बनाए गए हैं। साथ ही यहां प्रवेश द्वार बनाया गया है। दर्शकों के बैठने के लिए विशेष प्रबंध किया गया है।
40 कलाकार बिखेरेंगे संस्कृति के रंग
शुभारंभ अवसर पर प्रदेश की प्राचीन समृद्ध संस्कृति की छटा बिखेरते 40 कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में रमेश एंड पार्टी द्वारा नगाड़ा वादन, महबूब नाथ एंड पार्टी द्वारा बीन वादन, सुनील एंड पार्टी द्वारा कच्ची घोड़ी, अनिल एंड पार्टी द्वारा जंगम, राजबीर एंड पार्टी द्वारा डेरू वादन तथा प्रताप एवं पार्टी द्वारा सारंगी वादन प्रस्तुत किया जाएगा। राजकुमार शर्मा द्वारा श्लोक उच्चारण, श्री कृष्ण सेवा समिति द्वारा गीता पाठ, किया जाएगा। जाट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का स्वागत गीता, इंदिरा गांधी पब्लिक स्कूल की गणपति वंदना, जवाहर नवोदय विद्यालय तितरम का समूह गान, हिंदू कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का हनुमान चालिसा, ओएसडीएवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का समूह गान, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का हरियाणवी नृत्य, आरकेएसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का हरियाणवी आरकेस्ट्रा, हिंदू कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का गिद्धा, डा. भीम राव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय के कलाकारों द्वारा रागनी, आरकेएसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की नृत्यावली तथा ओएसडीएवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं का समूह नृत्य शामिल होंगी।
इसी प्रकार से 20 व 21 दिसंबर को भी कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 21 दिसंबर को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसे मंत्री नायब सैनी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। सीटीएम नगराधीश नवीन आहुजा, एक्सईएन केके नैन, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता जगदीश चंद्र जांगड़ा, पीओ आईसीडीएस कमलेश भाटिया सहित नगर परिषद, बिजली विभाग तथा संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।
कैथल के लिए गीता जयंती उत्सव का ओर भी महत्व
महाभारत युद्ध की 48 कोस की परिधि में कैथल जिले का सर्वाधिक इलाका आता है। यहां कैथल शहर में श्री ग्यारह रुद्री शिव मंदिर, नव ग्रह कुंडों सहित कई ऐतिहासिक स्थल तो हैं ही। साथ में कई गांवों के नाम तो महाभारत युद्ध की घटनाओं के नाम पर रखे गए हैं। पूरे जिले में करीब 51 महाभारतकालीन ऐतिहासिक तीर्थ हैं। ऐसे में जिलास्तर पर तीन दिवसीय उत्सव का आयोजन कैथल जिले के लिए काफी महत्वपूर्ण है। लंबे समय से यह मांग उठती रही है कि गीता जयंती उत्सव कैथल में भी मनाया जाए। इस बार सरकार ने यह पहल कर लोगों की मांग पूरी कर दी है।