संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अलग-अलग मामलों में चोर एक दुकान से नोटों की मालाएं और एक पशुबाड़े से मोटर चोरी कर ले गए। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पहले मामले में एसबीआई रोड कैथल निवासी अंकुश ने शहर थाना में शिकायत दी कि उसकी छात्रावास रोड पर मोबाइल व नोटों की माला बनाने की दुकान है। 13 अप्रैल को रात के समय अज्ञात आरोपी उसकी दुकान का शटर तोडक़र नोटों की मालाएं चोरी कर ले गए। इनमें 100 रुपये से लेकर 2000 रुपये तक की मालाएं शामिल थी। उसे एक लाख 73 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में गांव सांच निवासी ईश्वर सिंह ने पूंडरी थाना में शिकायत दी कि 13 अप्रैल को रात के समय अज्ञात आरोपी उसके पशुबाड़े से बिजली की दो मोटर चोरी कर ले गए। उसे 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। जांच अधिकारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
कैथल। नकदी व आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को काबू कर लिया। मॉडल टाउन कैथल निवासी सुखविंद्र सिंह की शिकायत अनुसार, परिवार 31 मार्च को बाहर गया हुआ था। वो एक अप्रैल को लौटे तो चोरी का पता चला। आरोपी गांव झोजापुर जिला गन्नोर यूपी निवासी प्रवेश कुमार व नवजीशपुर जिला बिजनौर यूपी निवासी रवि राज उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य आरोपी पप्पू पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने दोनों का सात दिन पुलिस रिमांड हासिल किया है। संवाद