कैथल। थाना शहर पुलिस ने खुराना रोड क्षेत्र में अवैध जुआ खेल रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोबाइल रिपेयर दुकान के ऊपर बने कमरे में छापेमारी की और छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 1,10,500 रुपये और 208 ताश पत्ते बरामद किए गए। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में अर्जुन नगर निवासी भारत भूषण, खुराना रोड निवासी बिन्दू और अभिषेक, बाल्मीकी बस्ती निवासी आकाश, पट्टी अफगान निवासी कृष्ण कुमार, तथा माता गेट निवासी जितेन्द्र कुमार शामिल रहे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना शहर की टीम, जिसमें एसएचओ इंस्पेक्टर गीता और एसआई रणदीप सिंह शामिल थे, गश्त के दौरान अपराधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि खुराना रोड चौक के पास एक कमरे में कई लोग मोटी रकम लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने उच्चाधिकारियों से तलाशी की अनुमति ली और रेडिंग पार्टी मौके पर रवाना हुई। कमरे में प्रवेश करते ही पुलिस ने पाया कि चार व्यक्ति जुआ खेल रहे थे, जबकि दो अन्य पास में बैठकर खेल देख रहे थे। पुलिस को देखकर आरोपियों ने ताश पत्ते नीचे फेंक दिए, लेकिन सभी को मौके पर ही काबू कर लिया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना शहर में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।