संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला नागरिक अस्पताल कैथल में पथरी से पीड़ित मरीजों के लिए राहत की खबर है। अस्पताल में अत्याधुनिक लेप्रोस्कोपी मशीन स्थापित की गई है, जिससे अब दूरबीन तकनीक के माध्यम से ऑपरेशन निःशुल्क किए जा सकेंगे।
अस्पताल प्रबंधन ने करीब एक करोड़ रुपये से यह मशीन खरीदी है। इससे प्रतिदिन 8 से 10 मरीजों के ऑपरेशन संभव हो सकेंगे।
इससे पहले अस्पताल में लिथोट्रिप्सी मशीन के माध्यम से ऑपरेशन होते थे, लेकिन चूहों द्वारा तार काटे जाने से मशीन खराब हो गई थी। जरूरी पार्ट्स उपलब्ध न होने के कारण विभाग ने मशीन को जर्जर घोषित कर दिया था। परिणामस्वरूप, मरीजों को निजी अस्पतालों में 20 से 25 हजार रुपये खर्च कर ऑपरेशन करवाने पड़ रहे थे। इस मशीन के खराब होने से लगभग 40 लाख रुपये का नुकसान भी हुआ।
मशीन को फिर से किया गया सक्रिय ः करीब छह साल पहले भी यह मशीन कैथल अस्पताल में लगाई गई थी, लेकिन बाद में इसे बंद कर नूंह भेज दिया गया था। अब पुनः इसे कैथल में लाकर चालू करने की तैयारी की जा रही है।
अस्पताल में लेप्रोस्कोपी मशीन स्थापित हो चुकी है और जल्द ही संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे मरीजों को नि:शुल्क ऑपरेशन की सुविधा मिलेगी। निजी अस्पतालों की तुलना में यह सुविधा बेहद सस्ती और सुलभ होगी। -डॉ. दिनेश कंसल, प्रधान चिकित्सा अधिकारी