एक व्यक्ति के साथ कंपनी में निवेश करवाकर मोटी कमाई करवाने के नाम पर 16 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत मेें कृष्ण लाल ने कहा कि उसकी कुरुक्षेत्र निवासी विरेंद्र कश्यप से दो साल पहले मुलाकात हुई थी। उसने ग्लोबल ट्रेड मार्ट लिमिटिड कंपनी के बारे में बताया और कहा कि इस कंपनी में उसके साथ काम करो और मोटा पैसा कमाओ। इसके बाद उसने उसकी मुलाकात कुरुक्षेत्र निवासी बलराम गोयल, कृष्ण गोयल, वीरेंद्र गोयल से करवाई। उसे कंपनी का प्रोफाइल बताया। उसे बड़े सपने दिखाकर पूरे हरियाणा की डिस्ट्रीब्यूशनशिप दिलवाई और इसके लिए 13,50,000 रुपये उसके खाते से कंपनी के खाते में डलवा दिए। 3 लाख रुपए वीरेंद्र कश्यप ने डिस्ट्रीब्यूटर शिप दिलवाने के लिए लिए और इसके लिए उसने खुराना रोड पर कार्यालय भी बनाया। टिन नंबर भी लिया और जिसका खर्चा लगभग 2 से ढाई लाख रुपये आया और ऑफिस भी किराए पर था, जिस का किराया 15000 रुपये प्रति माह था। उसने पहले महीने माल भेजने को कहा तो उसे टालमटोल करते रहे। इसके बाद उसके पास 2 लाख रुपये का सामान पहुंचा। बाद में पूछने पर सभी ने फोन उठाने बंद कर दिए। इसके बाद जब वे कुरुक्षेत्र जाकर मिले तो आरोपियों ने कहा कि कंपनी तो भाग गई लेकिन वे उसके पैसे जरूर दिलवा देंगे। दो साल से आज तक ना तो उसके रुपये और ना ही उसे सामान दिलवाया। उक्त आरोपियों ने उसके साथ धोखाधड़ी की है। पुलिस ने शिकायत मिलने पर उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।