संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जमीन की खरीद-फरोख्त में 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में पंचकूला के एक व्यक्ति ने तितरम थाने की पुलिस को शिकायत दी है। आरोप लगाया कि शेरगढ़ के एक व्यक्ति ने उससे जमीन बेचने के नाम पर रुपये ले लिए, लेकिन बाद में रजिस्टरी नहीं करवाई। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
तितरम थाना में दी शिकायत में पंचकूला निवासी सुभाष चंद ने बताया कि 2023-24 में दलीप नामक व्यक्ति उसे कैथल में 6 कनाल 7.8 मरले जमीन बेचने की बात कही। उसने इस भूमि को 3 करोड़ 99 लाख 37 हजार 500 में मूल्य पर खरीदने पर सहमति व्यक्त की। दलीप ने 29 मार्च 2025 को शिकायतकर्ता के साथ उक्त जमीन को बेचने के लिए एक इकरारनामा किया और बयाना राशि के तौर पर 35 लाख रुपये ले लिए।
शिकायतकर्ता को जमीन का कब्जा भी देने का वादा किया। रुपये लेने के बाद आरोपी उसकी रजिस्टरी करवाने में टाल-मटोल करने लगा। उसने अपने स्तर पर पता किया तो जानकारी मिली कि आरोपी ने पहले भी यह जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच रखी है। जिस व्यक्ति को पहले जमीन बेची गई, वह इस पर एक कॉलोनी बनाने के प्रयास में था। जब उसने आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी।
तितरम थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी ने 35 में से करीब 25 लाख रुपये वापस कर दिए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।