सीवन। रसूलपुर के युवक से होम लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक से एक एजेंट ने 15 लाख रुपये का होम लोन दिलाने का झांसा देकर 45 हजार रुपये ऐंठ लिए। जब युवक ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे धमकी तक दे डाली।
पीड़ित तरसेम लाल निवासी रसूलपुर ने थाना सीवन में दी शिकायत में बताया कि करीब एक माह पहले उसकी मुलाकात मूंडड़ी निवासी संजय नामक व्यक्ति से हुई थी, जो खुद को लोन एजेंट बताता था। संजय ने भरोसा दिलाया कि वह उसे 15 लाख रुपये का होम लोन दिलवा सकता है। इसके एवज में पहले एक लाख रुपये अपनी पत्नी के नाम से कमीशन के रूप में मांगे और फिर लोन प्रक्रिया शुरू कराने के नाम पर 45 हजार रुपये ले लिए।
जब लोन प्रक्रिया में कोई प्रगति नहीं हुई, तो तरसेम ने संजय से संपर्क किया। लेकिन आरोपी हर बार टालमटोल करता रहा। थाना सीवन प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि शिकायत पर संजय के खिलाफ केस दर्ज किया है। संवाद