हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल और वसूली करने के आरोप में पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी महिलाओं को चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि महिलाएं बड़े गिरोह का हिस्सा हो सकती हैं, जो लोगों को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करती हैं।
एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि तितरम थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि सात माह पहले वह सीवन क्षेत्र निवासी एक महिला के संपर्क में आया। आरोप है कि महिला ने उसे अपने घर बुलाकर सहमति से संबंध बनाए। इसके बाद उसने किसी न किसी बहाने से पैसे ऐंठने शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी महिला ने उस व्यक्ति को कैथल में अपने एक रिश्तेदार के घर बुलाया। खुराना रोड पर स्थित उस घर में पहले से तीन महिलाएं और एक लड़की मौजूद थी।
आरोप है कि यहां पर महिलाओं ने उसे डरा धमकाकर लड़की के साथ फोटो खींच ली और दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर चार लाख रुपये की मांग की। व्यक्ति ने इतने पैसे देने में असमर्थता जताई तो आरोपी महिलाओं ने उससे 23 हजार रुपये वसूल लिए। साथ ही एक दिन के भीतर एक लाख रुपये की व्यवस्था नहीं करने पर दुष्कर्म का केस दर्ज करने की धमकी दी। परेशान होकर पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। इसके बाद योजना के तहत महिला एसआई सुनीता देवी ने शिकायतकर्ता को 50 हजार रुपये के साथ जवाहर पार्क में भेजा, जहां पर आरोपी महिला पहले से मौजूद थी। यहां शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रकम लेते ही पुलिस ने आरोपी महिला को नकदी समेत काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार धरी गई महिला ने पूछताछ में अन्य आरोपी महिलाओं के नाम बताए, जिसके बाद एसआई सुनीता देवी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीन अन्य महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया, जो सीवन, जनकपुरी और नानकपुरी कॉलोनी की निवासी हैं। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह में संलिप्त अन्य लोगों की गिरफ्तारी कर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके।