कैथल। न्यायालय में प्यादा की नौकरी लगवाने के नाम पर एक युवक से करीब चार लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने ढांड थाना में गांव पबनावा निवासी प्रदीप कुमार की शिकायत पर पति व पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने पहले कुरुक्षेत्र एसपी कार्यालय में शिकायत दी। इसके बाद 23 मार्च को शिकायत कैथल इकनोमिक्स सेल में भेज दी गई थी। प्रदीप ने शिकायत में बताया कि दोनों आरोपियों का उसके घर पर आना जाना था। आरोपी प्रदीप ने कहा था कि उसकी न्यायालय में अच्छी जान पहचान है। वह उसे सरकारी नौकरी पर लगवा देगा। उसने पता किया तो न्यायालय में सरकारी भर्ती निकली हुई थी। इसके बाद आरोपी सुनीता ने कहा कि उसके पति ने पहले भी कई युवाओं को सरकारी नौकरियों पर लगाया हुआ है। उसके साथ उनकी आठ लाख रुपये में नौकरी लगवाने की बात पक्की हो गई।
इसके आधे पैसे पहले और आधे नौकरी लगने के बाद देने थे। उसने प्रदीप के खाते में पांच से आठ जनवरी तक तीन लाख 96 हजार रुपये डाल दिए। पांच जनवरी 2022 को एक लाख रुपये, छह जनवरी को एक लाख रुपये, सात जनवरी को 98 हजार और उसी दिन 98 हजार रुपये फोन पे से भेज दिए थे। कुछ दिन बाद उसने आरोपियों से नौकरी के बारे में पूछा तो वे बहाने बनाने लगे। फिर उसे पता चला कि आरोपियों ने उसे न्यायालय में प्यादा की नौकरी पर नहीं लगवाया है। वह आरोपियों के घर पैसे वापस मांगने के लिए गया तो सुनीता ने कहा कि दोबारा पैसे लेने आया तो उसे किसी झूठे केस में फंसा देगी।
ढांड थाना प्रभारी एसआई राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने पबनावा निवासी प्रदीप कुमार की शिकायत पर गांव बीबीपुर निवासी प्रदीप कुमार और उसकी पत्नी सुनीता के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।