दो युवकों की हत्या के मामलों में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को सोमवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। चारों से पूछताछ जारी है।
प्रवक्ता रोशन लाल खटकड़ ने बताया कि गांव बालू की बिढान पट्टी निवासी 70 वर्षीय फूलाराम अपने 26 वर्षीय पुत्र सुशील के साथ 12 जून की रात सिंचाई करने अपने खेत में गए हुए थे। अगली सुबह करीब 2:30 बजे जब पिता-पुत्र बाइक पर घर वापिस आ रहे थे तो 3 मोटर साइकिलों पर सवार हथियार बंद आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर तेजधार हथियारों से हमला कर फरार हो गए।
झगड़े की वजह सिंचाई खाले बारे बेवजह विवाद की रंजिशन बताया गया है। करीब एक माह पूर्व खाले बारे सुशील व आरोपी रामनारायण में कहासुनी हो गई थी। इसी कारण हुए झगड़े में चोटों कारण सुशील ने दम तोड़ दिया। जबकि फूलाराम अस्पताल में उपचाराधीन है। प्रवक्ता ने बताया मामले की जांच एसएचओ कलायत इंस्पेक्टर रोहताश कुमार ने आरोपी ईशम व गुरबचन निवासी बालु को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से वारदात में प्रयोग हथियारों की बरामदगी तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 15 जून को अदालत से 17 जून तक 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
एक अन्य मामले में सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर अंग्रेज सिंह ने गांव साकरा निवासी रणधीन व बिल्लू को गिरफ्तार किया है। प्रवक्ता ने बताया कि छिछराना जिला पानीपत वासी सचिन अपने मामा के गांव साकरा आया हुआ था। जहां साथियों के साथ दौड़ लगाते समय कुछ आरोपियों ने किसी मामूली बात पर रंजिश करते हुए चाकू व लाठी, डंडों से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। इस अभियोग में अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके है। वारदात में प्रयुक्त हथियार व बाइक बरामद करने के लिए दोनों आरोपियों का सोमवार को अदालत से 1 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।