10-कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में कोरोना जांच के सैंपल लेते हुए स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : Kaithal
जिले में मंगलवार को एक्टिव 7 में से 2 और कोरोना पॉजिटिव ठीक हो गए, जबकि एक नया मामला सामने आया है। ऐसे में अब महज छह एक्टिव केस बचे हैं। दूसरी ओर डीसी ने वैक्सीनेशन को लेकर बैठक की और इसमें तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सावधानी बरतकर हम महामारी को पूरी तरह से मात दे सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में 11 हजार 204 कोरोना के मरीजों में से 10 हजार 854 मरीज ठीक हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 96.8 प्रतिशत है। पॉजिटिव रेट 3.6 प्रतिशत है तथा मृत्युदर 3.0 प्रतिशत है। वहीं डीसी ने कोरोना वैक्सीन को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली और टीकाकरण में तेजी लाने के निर्देश दिये। बैठक में सीएमओ शैलेंद्र ममर्गाई शैली, डॉ. प्रदीप नागर, डॉ. नीरज मंगला एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
2180 व्यक्तियों का हुआ टीकाकरण-
जिले मेें अभी तक 3 लाख 54 हजार 5 व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा चुका है, जिनमें से 2 लाख 74 हजार 402 व्यक्तियों को पहली डोज तथा 54 हजार 5 व्यक्तियों को दूसरी डोज दी जा चुकी है। जिले में फिलहाल 17870 वैक्सीन डोज उपलब्ध हैं, जिसमें से 15680 कोविशील्ड तथा 2190 कोवॉक्सीन है।