संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कम्हेड़ी गांव में एक किसान के खेत के पास रखे तूड़ी के कूपों में आग लगाने के आरोप में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गुहला थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव कम्हेड़ी निवासी भगवंत सिंह ने बताया कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करता है। गांव के पास उसके पांच तूड़ी के कूप रखे हुए थे, जबकि समीप ही गांव के नायब सिंह के भी पांच कूप रखे गए थे।
शिकायत के अनुसार, 18 मई की रात करीब एक बजे किसी ने नुकसान पहुंचाने की नीयत से तूड़ी के कूपों में आग लगा दी। सूचना मिलते ही भगवंत सिंह और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते सभी कूप जलकर राख हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी अरनौली की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई विकास ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आग लगाने वाले की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।