कैथल। सीएम फ्लाइंग ने शहर में दो जगहों पर पनीर और मिठाई की दुकानों पर छापा मारा। दोनों जगहों से मिठाइयों और पनीर के सैंपल लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग और सीएम फ्लाइंग की टीम दोपहर करीब साढ़े 12 बजे पहले डोगरा गेट स्थित पनीर की दुकान पर पहुंची और वहां से पनीर का सैंपल लिया। उसके बाद देवीगढ़ रोड स्थित एक मिठाई की दुकान पर छापा मारा, जहां से रसगुल्ले, बर्फी, गुलाब जामुन और पनीर के सैंपल लिए गए। हालांकि पनीर बनाने वाली दुकान पर ज्यादा खराब सामान नहीं दिखाई दिए, लेकिन मिठाई की दुकानों पर भारी मात्रा में खराब सामान भी रखा पाया गया। डोगरा गेट स्थित दुकान में करीब एक क्विंटल पनीर पाया गया। जबकि देवीगढ़ रोड पर भी खराब हो चुकी मिठाइयों के ड्रमों में मक्खियां भिनभिना रही थीं।
सीएम फ्लाइंग के डीएसपी रविंद्र कुमार ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि डोगरा गेट स्थित दुकान में मिलावटी पनीर तैयार किया जा रहा है। साथ ही देवीगढ़ रोड पर भी मिठाइयों में मिलावट की सूचना मिली थी। उसके आधार पर दोनों जगह छापामारी की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी डॉ. राजीव शर्मा ने बताया कि विभाग की टीम ने पांच सैंपल लिए हैं। उन्हें लैब में जांच के लिए भेजा जाएगा। अगर सैंपल फेल होते हैं तो रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।