फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: लीबिया देश से पांच बंधकों को कराया मुक्त, रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

Sun, 26 Oct 2025 12:51 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन




संवाद न्यूज एजेंसी

कैथल। विदेश भेजने के नाम पर युवकों को लीबिया में बंधक बनाकर करोड़ों रुपये की वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कैथल पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने पांच भारतीय युवकों को मुक्त कराया है। इनमें कैथल जिले के बड़सीकरी खुर्द निवासी सुमित, फरीयाबाद निवासी आदित्य व विक्रांत और पंजाब के फिरोजपुर निवासी गुरजैंट सिंह व जसनप्रीत सिंह मान शामिल हैं।

पुलिस ने इस मामले में फतेहाबाद के साधनावास निवासी मान सिंह को गिरफ्तार किया है। उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवकों से 70 लाख रुपये वसूलने के बाद भी उन्हें रिहा नहीं कर रहे थे, जबकि गिरोह की कुल मांग तीन से पांच करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी।
विज्ञापन


एसपी उपासना यादव ने शनिवार को पत्रकारवार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मान सिंह को गोहाना बाईपास (सोनीपत) के पास से गिरफ्तार किया गया। वह पंजाब के दोनों युवकों को अपने घर छोड़ने जा रहा था। शुक्रवार देर रात पुलिस टीम युवकों को सकुशल लेकर कैथल लौटी और परिजनों को सौंप दिया।

यह था मामला

गांव फरीयाबाद निवासी सुरेश कुमार, रामबीर और गांव बड़सीकरी खुर्द निवासी कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे अपने पुत्रों सुमित, आदित्य और विक्रांत को विदेश भेजना चाहते थे। इसके लिए फतेहाबाद जिले के गाजूवाला निवासी मंजीत से उनकी बातचीत हुई। मंजीत ने उन्हें साधनावास निवासी मान सिंह से मिलवाया, जिसने तीनों युवकों को कनाडा भेजने का झांसा दिया।

26 लाख में तय हुआ सौदा, पहुंचा दिया लीबिया

प्रत्येक युवक से 26 लाख रुपये लेकर मान सिंह ने कहा कि वह उन्हें कनाडा भेजेगा। 10 सितंबर को उसने युवकों की दुबई टिकट करवाकर साथ ले गया और कहा कि वीजा वहीं से लगेगा। 11 सितंबर को सभी को दुबई से लीबिया भेज दिया गया। वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने 30 हजार रुपये रहने-खाने के खर्च के रूप में मांगे।

29 सितंबर तक परिवारजनों की बच्चों से बात होती रही, लेकिन इसके बाद संपर्क टूट गया। कुछ समय बाद एक अली नामक व्यक्ति ने परिवारों से फोन कर फिरौती मांगी और बार-बार रकम देने का दबाव बनाया।

आठ अक्तूबर को दर्ज हुआ मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना राजौंद पुलिस ने 8 अक्तूबर को मान सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और अवैध वसूली का मामला दर्ज किया। जांच एसपी उपासना यादव ने स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल को सौंपी।
विज्ञापन


एसडीयू प्रभारी एसआई रमेश चंद और एएसआई तरसेम सिंह ने तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास और अन्य एजेंसियों के सहयोग से कार्रवाई करते हुए पांचों भारतीय युवकों को लीबिया से सकुशल मुक्त कराया। मामले में आगे की जांच जारी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें