शहर में अंबाला रोड स्थित एक निजी बैंक में अज्ञात कारणों से लगी आग के कारण लाखों रुपये का सामान जल गया।
घटना बैंक खुलने से पहले हुई। आसपास के लोगों ने बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों को इस बारे सूचना दी। अधिकारी और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायरब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और कर्मचारियों के सहयोग से आग पर काबू पाया।
अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर गाड़ियां भेज दी गई। उन्होंने बताया कि आग लगने का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है। उन्होंने बताया कि आग के कारण बैंक में लगे एसी, लैपटॉप, तारें, नोट गिनने की मशीन व अन्य सामान जला है। नुकसान लाखों रुपये का हुआ है।