संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जींद-कैथल रोड पर जिला नागरिक अस्पताल के पास शुक्रवार दोपहर सड़क किनारे अवशेषों में आग लग गई। शुरू में लपटें कम थीं पर हवा तेज होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मौके पर पहुंची डायल 112 की गाड़ी के फायर ब्रिगेड को फोन किया जिसके बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर 12 बजे के करीब जींद कैथल मुख्य सड़क पर अज्ञात कारणों से सड़क के किनारे पड़े घास फूस और पेड़ पौधो में आग लग गई। आग लगने से चारों तरफ धुआं ही धुआं फैल गया जिससे वाहनों चालकों का धुएं को पार करके निकलना मुश्किल हो गया। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई, क्योंकि धुएं और आग को पार करके निकलना उनके लिए आसान नहीं था। वाहन चालकों ने आग के कारण अपने वाहन एक तरफ लगा लिए। इस बीच पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की डायल 112 ने आकर फायर ब्रिगेड को बुलाया। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली और अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
फोन पर सूचना मिली थी कि मुख्य सड़क पर सिविल हॉस्पिटल के पास आग लगी हुई है। फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाकर आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों का पता नही चल पाया। गर्मी के मौसम में छोटी सी चिंगारी से भी आग लग जाती है। संभावना है कि यहां भी कुछ ऐसा ही हुआ हो। -इंद्रजीत सिंह, कांस्टेबल डायल 112