संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। चीका मंडी में गेहूं उठान के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। शिकायत हैफेड के एजीएम राजहंस की ओर से दी गई है, जिसमें कश्मीरा नामक व्यक्ति पर जानबूझकर कार्य में रुकावट डालने और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के अनुसार, 1 मई को शाम करीब 6:10 बजे अतिरिक्त अनाज मंडी, चीका में हैफेड द्वारा खरीदे गए गेहूं के कट्टों के उठान के लिए वरीयता सूची के अनुसार वाहनों की तैनाती की जा रही थी। इसी क्रम में एक वाहन को प्राथमिकता सूची के अनुसार पुरानी अनाज मंडी, चीका में लदान के लिए भेजा गया।
आरोप है कि इसी दौरान कश्मीरा नामक व्यक्ति, जो मंडी क्षेत्र में निजी रूप से वाहन संचालित करवाता है, ने जानबूझकर वाहन को पुरानी मंडी भेजने से इंकार कर दिया। उसने सरकारी आदेशों की अवहेलना करते हुए कार्य में बाधा उत्पन्न की। अधिकारी के बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद आरोपी ने आदेश मानने से इन्कार किया और अभद्र व असहयोगपूर्ण व्यवहार किया।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी की हरकत से हैफेड द्वारा खरीदे गए गेहूं के उठान में अनावश्यक देरी हुई, जिससे किसानों के भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई। यह भी आरोप है कि उक्त व्यक्ति पिछले कई दिनों से अतिरिक्त अनाज मंडी और पुरानी अनाज मंडी, चीका में उठान कार्य में व्यवधान डालकर प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।