कैथल। त्योहारों के सीजन में बाजार में मिलने वाली खाद्य सामग्री में मिलावट को लेकर अब जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। पिछले एक महीने में एडीसी कोर्ट कैथल ने विभिन्न केसों में सुनवाई करते हुए 40 केसों में लगभग 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
बैठक में एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने अधिकारियों को सख्ती से निपटने के आदेश जारी किए। एडीसी ने बताया कि त्योहारों के सीजन में बिकने वाली मिठाइयों व अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए जिला प्रशासन सतर्क एवं सख्त है। अगर कोई खाद्य पदार्थों में मिलावट करता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के सीजन में कुछ लोगों द्वारा मिठाइयों व अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट करने की संभावना रहती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग कैथल को त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग का कार्य में ओर तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। जिले में विभाग दो टीम बना कर सैंपलिंग का कार्य कर रही हैं। खाद्य पदार्थ जिसमें मुख्य रूप से दूध व दूध से बने पदार्थों व मिठाई की सैंपलिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। एडीसी ने जनता से भी अपील की है कि किसी प्रकार की मिलावट की कोई भी जानकारी मिलती है तो खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ साझा करें। संवाद