संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। होटल मैनेजर के जेवर चुराने के मामले में पुलिस ने महिला आरोपी पंजाब के जिला पटियाला के गांव कोटड़ा निवासी मनप्रीत को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव कल्लर माजरा निवासी भारती की शिकायत अनुसार वह चीका के एक होटल में मैनेजर है। उसी होटल में पटियाला के गांव कोटड़ा कलां निवासी मनप्रीत कौर व जिला कुरुक्षेत्र के गांव बच निवासी मोहित सफाई कर्मचारी लगे हुए थे। 22 सितंबर को रात नौ बजे वह कुरुक्षेत्र से अपने होटल में पहुंची थी।
उस समय होटल में मनप्रीत कौर व मोहित मौजूद थे। होटल में सामान रखने के बाद वह अपने माता-पिता के साथ गांव में चली गई थी। 23 सितंबर को सुबह 10 बजे अपने पिता के साथ होटल में पहुंची। थोड़ी देर बाद मनप्रीत कौर व मोहित उसके पिता को जरूरी काम होने की बात कहकर होटल से चले गए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दोनों के जाने के बाद उसने सामान देखा तो डेढ़ तोले की सोने की चेन व सोने के टॉप्स चोरी हो गए थे। रात के समय मनप्रीत व मोहित के अलावा होटल में कोई नहीं था। दोनों के पास कॉल की तो कोई जवाब नहीं दिया और दोबारा होटल में भी नहीं पहुंचे। प्रवक्ता ने बताया कि उक्त मामले में आरोपी जिला कुरुक्षेत्र के गांव बच निवासी मोहित को पहले ही गिरफ्तार करके तीन दिन पुलिस रिमांड हासिल किया था। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।