संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दो अलग-अलग मामलों में चोर एक मकान से नकदी व आभूषण और एक अन्य मकान से टोंटियां, पंखा व अन्य सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गली नंबर पांच भगत सिंह कॉलोनी निवासी कुलदीप सिंह ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी कि चार जून को वह अपने किसी काम से पंजाब गया हुआ था। उसके परिवार के अन्य सदस्य भी घर पर नहीं थे। जब वह पांच जून को वापस आया तो पाया कि उसके घर में चोरी हो चुकी थी। अज्ञात आरोपी उसके घर से दो लाख 56 हजार रुपये व सात तोले सोने के आभूषण चोरी कर ले गए।
चोरी हुए आभूषणों में सोने की बालियां, टॉप्स, अंगूठी, चेन व अन्य सामान शामिल है। उसे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जांच अधिकारी कर्मबीर ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव सुल्तानियां करतारपुर निवासी सुखवीर सिंह ने गुहला थाना में शिकायत दी कि तीन जून को शाम के समय अज्ञात आरोपी उसके मकान से पानी की टोंटियां, पंखा व अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कीमत 10 हजार रुपये है। जांच अधिकारी सुरेंद्र ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है।
मंदिर के दानपात्र से नकदी और चांदी के सिक्के चोरी
कैथल। गांव सैर स्थित श्री माता बाला सुंदरी मंदिर के दानपात्र से चोर नकदी व चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मंदिर कमेटी के प्रधान टेकचंद शर्मा ने सीवन थाना में शिकायत दी कि चार जून को दोपहर के समय अज्ञात आरोपी मंदिर के दानपात्र से 35 हजार रुपये, चांदी के सिक्के व अन्य सामान चोरी कर ले गए। जांच अधिकारी नायब सिंह ने बताया कि जांच शुरू कर दी है। संवाद
चीका में पेट्रोल पंप से चोरी कर ले गए ट्रक
कैथल। चीका में चोर एक पेट्रोल पंप से ट्रक चोरी कर ले गए। चीका निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि वह ट्रक चलाता है। पांच जून को रात में चीका में पटियाला रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर ट्रक खड़ा किया था। वहां से ट्रक चोरी हो गया। ट्रक की कीमत चार लाख 80 हजार रुपये है। जांच अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद