संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ढांड थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी 12 वर्षीय नाबालिग बेटी की बाल विवाह करवा दिया। सूचना पाकर बाल विवाह निषेध अधिकारी कैथल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं लेकिन तब तक विवाह संपन्न हो चुका था। अब अधिकारी ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपी पिता और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
ढांड थाने में दी अपनी शिकायत में कैथल की बाल विवाह निषेध अधिकारी सुनीता ने बताया कि मंगलवार को उन्हें सूचना मिली कि ढांड में नाबालिग बच्चों का बाल विवाह करवाया गया है। सूचना मिलने के बाद उनकी टीम मौके पर पहुंची। तब तक विवाह संपन्न हो चुका था। अवलक यादव उर्फ अभिलाख राय ने अपनी नाबालिग बेटी की शादी गांधी नगर कॉलोनी, थानेसर कुरुक्षेत्र निवासी युवक से करवा दी थी।
जब लड़की के दस्तावेज जांचे तो पता चला की लड़की की जन्म तिथि स्कूल रिकॉर्ड के अनुसार पांच जून 2013 है और उसकी आयु अभी 12 वर्ष आठ दिन है। शिकायतकर्ता ने मांग की कि लड़की को थाना में लाकर उसकी काउंसलिंग करवाई जाए और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस संदर्भ में ढांड थाना प्रभारी एसआई संजय कुमार ने बताया कि उनकी टीम ने कल्याण नगर काॅलोनी ढांड निवासी आरोपी लड़की के पिता अवलक यादव और लड़के के पिता कुरुक्षेत्र निवासी रामेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।