संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय के सभागार में एसडीएम कपिल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यकारिणी कमेटी के सभी सदस्यों की उपस्थिति में फसल अवशेष प्रबंधन कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन ड्रॉ का आयोजन किया।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. महाबीर सिंह ने बताया कि जिला में इस स्कीम के तहत कुल 4644 किसानों ने पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया। मुख्यालय के निर्देशानुसार ड्रॉ के दौरान रेड व येलो जोन के गांव को वरियता दी गई और छोटे व मंझले किसानों के लिए 70 प्रतिशत व सामान्य श्रेणी के किसानों को 30 प्रतिशत लक्ष्य के अनुसार ड्रा निकाला गया।
कैथल के सहायक कृषि अभियंता डॉ. जगदीश चन्द्र मलिक ने बताया कि जिला में स्ट्रा बेलर युनिट, हैप्पी सीडर व एसएमएस सभी आवेदकों के साथ साथ अनुसूचित जाति से संबंधित सभी किसानों के आवेदन अनुदान के लिए स्वीकार कर लिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त रेड जोन में एमबी प्लो के लिए 37 आवेदनों में से 28 किसानों, येलो जोन में एमबी प्लो के लिए 80 आवेदनों में से तीन किसानों ग्रीन जोन मे जीरो ड्रिल मशीन के लिए 191 आवेदनों में से 30 किसानों, येलो जोन मे सुपर सीडर के लिए 553 आवेदनों में से 214 किसानों, रेड जोन मे स्ट्रा चोपर के लिए 164 आवेदनों में से 17 किसानों, येलो जोन मे कोप रीपर के लिए 24 आवेदनों में से किसानों का चयन किया।
इसमें बचे हुए सभी आवेदनों की वरियता सूची बना दी गई है। लॉटरी ड्रॉ की कार्यवाही की वीडियोग्राफी भी की गई। चयन किए गए सभी किसानों की सूची सहायक कृषि अभियंता, कैथल के कार्यालय में चस्पा कर दी गई है और सभी किसानों को फोन के माध्यम से भी सूचित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चयनित सभी किसानों से अपील है कि अपने-अपने कागजात कार्यालय में जमा करवाकर अनुदान प्रमाण पात्रता पत्र लेकर जाएं। ड्रॉ ऑफ लॉट्स के दौरान डीडीए डॉ. महाबीर सिंह, सहायक कृषि अभियंता डॉ. जगदीश चंद मलिक, जिला बागवानी डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. रमेश वर्मा, डॉ. सज्जन कृषि विकास अधिकारी, प्रगतिशील किसान महेंद्र सिंह मौजूद थे।