Farmers expressed anger over the problem of fertilizer
- फोटो : Kaithal
(कैथल) राजौंद। गांव किच्छाना में खाद की समस्या को लेकर किसानों ने रोष जताया। किसानों ने कहा कि पिछले एक माह से वे खाद के लिए पैक्स के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल रही, जबकि उनके खाते इस पैक्स में हैं और वे हर फसल पर यहीं से खाद का लेनदेन करते हैं।
किसानों ने कहा कि अब गेहूं में खाद डालने का बहुत अच्छा समय है क्योंकि बारिश के बाद यूरिया खाद डालने से गेहूं की पैदावार काफी अच्छी होती है। अब उन्हें खाद ही नहीं मिल रही, जिसके लिए वे पिछले एक माह से परेशान हैं और खाद के लिए के चक्कर काट काटकर थक चुके हैं। किसान रामकिशन, शमशेर, जोगिंदर सिंह, रणबीर व जगदीप ने कहा कि 12 बजे तक भी किच्छाना गांव में सेंटर पर ताला लटका रहता है। उन्होंने कहा कि किसानों को दो-दो चार कट्टे दिए जाते हैं जो किसानों की आवश्यकता अनुसार नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने कहा कि अगर खाद की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो फिर किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। इसकी सारी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।