कैथल। जिले की अनाज मंडियों में बारीक धान की आवक चल रही है। बासमती के भाव पिछले साल की अपेक्षा इस बार कम मिलने से किसान मायूस हैं। किसानों ने बताया कि बासमती धान 400 से 500 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव में कम बिक रहा है। पिछले साल सीजन के दौरान छह हजार से 6300 रुपये तक बासमती धान बिका था लेकिन इस बार मात्र 5500 से 5600 रुपये प्रति क्विंटल तक ही भाव है।
इस कारण किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। इस बार वर्षा कम होने के कारण उत्पादन भी कम हुआ है, वहीं अब भाव कम मिलने से किसानों में रोष है। बता दें कि पूंडरी, पाई क्षेत्र के किसान बासमती धान की खेती करते हैं। पूंडरी व पाई अनाज मंडी में 5500 रुपये प्रति क्विंटल तक यह धान बिक रहा है। इसी तरह से 1121 किस्म के धान के भाव 3900 से चार हजार रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहे हैं। मुच्छल धान के भाव 3400 रुपये प्रति क्विंटल तक हैं। इसी तरह से 1718 किस्म की हाथ की कटाई वाले धान के भाव 3900 रुपये तो कंबाइन की कटाई वाले धान के भाव 3300 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहे हैं। 1885 के भाव 3800 से 3900 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहे हैं। नई अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान रामकुमार गर्ग ने बताया कि बारीक धान की आवक हो रही है। इन दिनों मुच्छल, 1718 के भाव 3500 से चार हजार रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहे हैं।