संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। संयुक्त किसान मोर्चा ने जिला सचिवालय में मंगलवार को प्रदर्शन करके तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। किसान नेता राज्य प्रधान कंवरजीत, प्रधान जसबीर सिंह, प्रधान सतपाल दिल्लोंवाली, ओम प्रकाश ढांडा, बलबंत राय धनौरी, देवी दयाल, महेंद्र सिंह बरोट, सुरेंद्र चोशला, रमेश खुराना, बाबू राम, राजकुमार सरसा ने बताया कि जिले के किसानों आज अपनी मांगों के तत्काल समाधान को लेकर विरोध प्रदर्शन किया है।
चार साल पहले इसी दिन तीन काले कृषि कानूनों और चार श्रम संहिताओं के खिलाफ मजदूरों की देशव्यापी आम हड़ताल के साथ समन्वय बनाकर किसानों के महान संघर्ष की शुरुआत की गई थी। 26 नवंबर इस संघर्ष की चौथी वर्षगांठ के महत्वपूर्ण अवसर को चिह्नित करता है। यह विरोध कार्रवाई 18 प्रमुख मांगों और 24 अगस्त 2023 को स्वीकृत किए गए मजदूरों और किसानों के मांगपत्र पर आधारित है। उनकी मांगों में न्यूनतम समर्थन मूल्य, सबको रोजगार, कर्ज मुक्ति, चार श्रम संहिताओं की वापसी, निजीकरण का खात्मा, महंगाई पर रोक, सांप्रदायिक विभाजन के खिलाफ कानून का प्रभावी क्रियान्वयन व महिलाओं, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों और दलितों पर हिंसा पर रोक लगाया शामिल हैं।
प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला कैथल के कन्वीनर महेंद्र सिंह रामगढ़ ने की और संचालन संयुक्त किसान मोर्चा के नेता जसबीर सिंह ने किया।
आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर यूनियन ने की नारेबाजी
कैथल। आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर यूनियन ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसमें जिले की सैंकड़ों आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर शामिल हुई। प्रदर्शन में सीटू के जिला प्रधान बसाऊ राम रिटायर कर्मचारी यूनियन के नेता जसवीर सिंह शामिल रहे।
जिला सचिव शकुंतला ने बताया कि पूरे प्रदेश में विभाग की ओर से जो मोबाइल फोन आंगनबाड़ी वर्कर को दिए गए थे। वह तीन जीबी रेम के हैं। जिससे पोषण ट्रैकर एप के आए दिन वर्जन बढ़ाते जा रहे हैं और फोन जो है काम नहीं कर रहे। बताया कि कैथल में अभी तक 33 हेल्पर और नौ वर्कर का मानदेय नहीं दिया गया। उनकी मांग है कि वह जल्द दिया जाए। उचाना के अंदर टर्मिनेट आंगनबाड़ी वर्कर सुमन को बहाल करने की मांग रखी गई ।उन्होंने खाली पड़े पदों पर भर्ती करने की बात रखी और कहा कि प्रमोशन 25 प्रतिशत की बजाय 50 प्रतिशत कोटा होना चाहिए। पीएम एमवाई का मेहनताना दिया जाना चाहिए। अध्यक्षता जिला प्रधान मनजीत कौर हाबड़ी ने की। मंच संचालन जिला सचिव शकुंतला ने किया। संवाद