संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस विभाग से बर्खास्त किए गए हेड कांस्टेबल सुनील संधू के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से रुपये मांगने के मामले में पुलिस ने जगदीश कॉलोनी पानीपत निवासी हिमांशु को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, हिमांशु के कब्जे से 500 रुपये और वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया गया है। सुनील संधू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 1 मार्च से 16 अप्रैल के बीच किसी व्यक्ति ने उनके नाम से फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बना लिया। आरोपी ने उनकी फ्रेंड लिस्ट में शामिल लोगों को मैसेंजर के माध्यम से संदेश भेजकर आर्थिक सहायता के नाम पर पैसे मांगे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले की जानकारी उन्हें तब हुई, जब दोस्तों और परिचितों के फोन आने लगे।
सुनील संधू ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी से सहायता के नाम पर रुपये नहीं मांगे हैं। उनका कहना है कि आरोपी इस तरह लोगों को ठगने के साथ-साथ उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। यह शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कर जगदीश कॉलोनी पानीपत निवासी हिमांशु को गिरफ्तार किया गया।