संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। डॉ. भीम राव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय जगदीशपुरा में शनिवार को तृतीय दीक्षांत समारोह के साथ वार्षिक पारितोषिक वितरण और पूर्व छात्र मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों को डिग्रियां वितरित की गईं। मेहनत का फल मिलने पर सभी के चेहरे खिल गए। कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व छात्रों ने अपनी यादें ताजा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भगत फूल सिंह विश्वविद्यालय खानपुर की कुलपति प्रो. सुदेश छिक्कारा व महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. संजय गोयल विशिष्ट अतिथि रहे। इससे पूर्व महाविद्यालय के समस्त स्टाफ के साथ मुख्य अतिथि का परिचय करवाया गया।
प्राचार्य डॉ. मनोज भांबू ने मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. सुदेश छिक्कारा का स्वागत करने के साथ उन्हें कॉलेज की उपलब्धियां बताईं। इसक बाद मुख्य अतिथि ने औपचारिक तौर पर दीक्षांत समारोह का शुभारंभ किया।
इस मौके पर कुलपति प्रो. सुदेश छिक्कारा ने विद्यार्थियों को स्नातक और स्नातकोत्तर की डिग्रियां वितरित कीं।
कार्यक्रम में लगभग 140 विद्यार्थियों को डिग्रियां मिली। कुलपति प्रो. सुदेश छिक्कारा ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी डिग्री ग्रहण करने के बाद राष्ट्र निर्माण के पवित्र कार्य में जुट जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि एआई के इस जमाने में भी गुरु का महत्व कम नहीं हो सकता, क्योंकि गुरु ज्ञान के साथ विवेकशीलता और संयम भी देता है।
कार्यक्रम की इंचार्ज प्रो. रेणु गुप्ता वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की औपचारिक शुरुआत की। इसमें पिछले दो सालों में शिक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियों, खेलों व एनएसएस इत्यादि में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाले करीब 70 विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मंच संचालन डाॅ. मोनिका जाखड़ ने किया। उप प्राचार्य प्रो. सुनीता अरोड़ा ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
उपलब्धियों संग बताईं सामाजिक योगदान की कहानियां
दीक्षांत कार्यक्रम के बाद “रिट्राइव -2025” नामक पूर्व छात्र मिलन समारोह का आयोजन हुआ। इसमें पहुंचे विभिन्न क्षेत्रों से आए पूर्व छात्रों ने अपनी उपलब्धियां के साथ सामाजिक योगदान की कहानियां
साझा कीं।
इससे पूर्व एलुमनी एसोसिएशन के प्रधान दीपक शर्मा ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व छात्रों ने कॉलेज के सुनहरे दिनों की स्मृतियों को साझा किया, शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की और एक-दूसरे से मिलकर आत्मीयता का अनुभव किया।
प्राचार्य डॉ. मनोज ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि पूर्व छात्र हमारे संस्थान की ताकत हैं। उनका अनुभव और ऊर्जा कॉलेज के विकास में एक नई दिशा दे सकते हैं। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अभिषेक गोयल ने आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि पूर्व छात्र किसी भी संस्था की नींव होते हैं और वे इसे आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, स्मृति-चिह्न वितरण और चाय-नाश्ते के साथ हुआ। विद्यार्थी केशव ने खूबसूरत गीत गाकर माहौल को भावुक बना दिया। प्राचार्य डॉ. मनोज भांबू ने अतिथियों और स्टाफ का आभार जताया।