संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। उपायुक्त अपराजिता ने शहर स्थित जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा प्रबंध, प्रकाश व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने नकल रहित परीक्षा कराने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने परीक्षा केंद्र में उपस्थित और अनुपस्थित विद्यार्थियों की संख्या के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षाओं की परीक्षाओं को नकल रहित, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि कोई परीक्षार्थी नकल करते हुए अथवा कोई अन्य व्यक्ति नकल करवाने में संलिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उपायुक्त ने आमजन से भी अपील की कि वे परीक्षाओं को नकल मुक्त बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करें तथा अपने बच्चों को पूर्ण तैयारी और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के अंदर और बाहर कड़ी निगरानी रखने तथा अनावश्यक व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की फ्लाइंग टीम को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। उपायुक्त ने जिलेभर में संचालित हो रही परीक्षाओं की समग्र स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सतर्कता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।