कैथल। भाजपा नेता राव सुरेंद्र के भतीजे संजय तंवर के घर पर एक करोड़ से ज्यादा की संपत्ति चोरी के मामले में 15 दिन बाद भी पुलिस चोरों को पकड़ नहीं पाई है। अब एसपी ने नेपाल सरकार और प्रशासन को पत्र लिखने का निर्णय लिया है। इसके लिए अथॉरिटी से अनुमति ली जाएगी। इससे पहले पुलिस टीम नेपाल में छापामारी करने के बाद खाली हाथ लौट चुकी हैं।
बता दें कि कैथल पुलिस की विभिन्न टीमों ने छापामारी की लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे। पुलिस ने 19 फरवरी को संजय तंवर की शिकायत पर केस दर्ज किया था जिसमें उन्होंने बताया था कि 10 दिन पहले ही उन्होंने नेपाल से आए प्रवीण को नौकर रखा गया था। 18 फरवरी की रात को उनका पूरा परिवार चंडीगढ़ विवाह समारोह में गया था। इस दौरान नौकर प्रवीण ने अन्य युवकों के साथ मिलकर वर्ष 1991 से उनके घर में काम कर रहे नौकर रूप बहादुर के साथ मारपीट कर और उसे बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दे गया। युवक घर से 29 लाख 50 हजार रुपये के हीरे, 68 लाख 90 हजार रुपये का सोना 20 लाख रुपये नकदी सहित कई पुश्तैनी आभूषण लेकर फरार हो गया है। एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि एक दो दिन में नेपाल प्रशासन को सहयोग के लिए पत्र लिखा जाएगा। सीआईए वन व टू की टीम आरोपियों की तलाश कर रही है।