डायल 112 कर्मचारियों की बैठक लेते हुए डीएसपी सुशील प्रकाश। पुलिस प्रवक्ता
कैथल। मंगलवार को पुलिस लाइन कैथल में डायल 112 (ईआरवी) पर तैनात कर्मचारियों की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता डीएसपी सुशील प्रकाश ने की और कर्मचारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक के दौरान डीएसपी सुशील प्रकाश ने कहा कि डायल 112 हरियाणा पुलिस की वह महत्वपूर्ण सेवा है जिसके माध्यम से आमजन की छोटी से छोटी समस्या और आपातकालीन परिस्थिति में तुरंत मदद उपलब्ध करवाई जाती है। डायल 112 पर तैनात प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी बहुत अहम है।
उन्होंने कहा कि समाज में भयमुक्त वातावरण बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से ईआरवी गाड़ियां अपने-अपने इलाकों में ज्यादा से ज्यादा गश्त और पेट्रोलिंग करें, ताकि अपराध की किसी भी संभावना को समय रहते रोका जा सके और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। डीएसपी ने कर्मचारियों से कहा कि आमजन से बेहतर समन्वय स्थापित करें और डायल 112 पर कॉल करने वाले प्रत्येक व्यक्ति से शालीनता व संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करें। कार्रवाई और सकारात्मक व्यवहार से लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना बढ़ेगी। उन्होंने आगे कहा कि प्रत्येक ईआरवी गाड़ी को हमेशा चालू हालत में रखा जाए। गाड़ियों की समय-समय पर सर्विसिंग व नियमित रखरखाव किया जाए, ताकि गाड़ी कभी भी बीच रास्ते में खराब न हो। इसके अलावा वायरलेस सेट, जीपीएस सिस्टम, सायरन, लाइट और अन्य उपकरणों की कार्यशील स्थिति का भी समय-समय पर परीक्षण करना आवश्यक है। डीएसपी सुशील प्रकाश ने यह भी निर्देश दिए कि गश्त व पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखें और किसी भी आपराधिक गतिविधि या असामाजिक तत्व की सूचना मिलते ही तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित करें और त्वरित कार्रवाई अमल में लाएं।