कलायत। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण अध्ययन विषय पर चर्चा हुई। इस अवसर पर मुख्य वक्ता कपिल मुनि राजकीय कन्या महाविद्यालय कलायत के सहायक प्राध्यापक डा.रामजुवारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समस्याओं में सबसे बड़ा मुद्दा पर्यावरण संरक्षण का है। जो प्रत्येक देश की समस्या बन गया है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन के कारण बाढ़ व सूखा व ग्लोबल वार्मिंग से मानव जीवन अत्यंत पीड़ा दायक स्थिति से गुजर रहा है। अभी हाल ही में बाढ़ के कारण हुई प्राकृतिक आपदा को हम भूल ही नही पाए हैं। अनेक प्रकार की बीमारियों ने मानव जीवन को जकड़ रखा है जो पर्यावरण की क्षति होने के कारण बढ़ रही हैं। विज्ञान की उन्नति ने मानव जीवन को जहां एक ओर सुरक्षित कर दिया है तो दूसरी और मौत के कगार पर खड़ा कर दिया है। इस अवसर पर रोबिन राणा जैलदार ने कहा की हम ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर उनकी देखभाल अपने बच्चों की तरह करें तभी पर्यावरण को बचाया जा सकता है। इस मौके पर नगर पार्षद राजेश यादव ने भी अपने विचार प्रकट किए। इस मौके पर गुरनाम सिंह, सुनील कुमार, श्रीमती प्रतिभा, मन्जु, निर्मला, सीमा मौजूद रहे।