राजौंद।
गांव सोंगरी के राजकीय आरोही मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। यह परीक्षा कक्षा छठी, नवमी और 11वीं में प्रवेश के लिए आयोजित की गई।
प्रवेश परीक्षा में कक्षा छठी के 174 नवमी के 85 तथा 11वीं के 53 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा निर्धारित समयानुसार शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। विद्यार्थियों ने अनुशासन के साथ परीक्षा दी। विद्यालय की प्राचार्या डा. सुनीता आहुजा ने बताया कि प्रवेश परीक्षा का मुख्य उद्देश्य योग्य एवं मेधावी विद्यार्थियों का चयन करना तथा विद्यालय में रिक्त सीटों को मेरिट के आधार पर भरना है। उन्होंने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता और सुचारु संचालन के लिए अलग-अलग कक्षों में बैठने की व्यवस्था, पहचान पत्रों की जांच तथा पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई थी।विद्यालय प्रशासन ने परीक्षा आयोजन में सहयोग देने वाले समस्त स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया। परीक्षा परिणाम 28 फरवरी को घोषित किया जाएगा।