लघु सचिवालय में खरीद सीजन की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को निर्देश देतीं उपायुक्त।
कैथल। उपायुक्त अपराजिता ने खरीद सीजन के चरम पर पहुंचने के चलते अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मंडियों में पड़ी रेडी-टू-लिफ्ट फसल का समय पर उठान सुनिश्चित करें और खरीद व उठान प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। वे बुधवार को लघु सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित बैठक में खरीद सीजन की समीक्षा कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि इस समय मंडियों में फसल की आवक अधिक है, इसलिए परिवहन और भंडारण की व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया जाए। किसी भी मंडी में स्थान की कमी नहीं होनी चाहिए और किसानों को फसल उतारने व बेचने में कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता ने भी प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खरीद व्यवस्था की समीक्षा की। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी खरीद एजेंसियां ट्रांसपोर्टरों की सूची साझा करें और वाहनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें। उठान के बाद गोदामों में अनलोडिंग प्रक्रिया तेज की जाए। साथ ही किसी भी मंडी में बारदाने की कमी नहीं होनी चाहिए और अनाज की गुणवत्ता के अनुसार अलग-अलग स्टैकिंग की जाए।
उन्होंने ई-खरीद पोर्टल पर आ रही तकनीकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में मैनुअल तरीके से आउट गेट पास जारी किए जाएं। पंजीकरण और डेटा सत्यापन की प्रक्रिया को भी शीघ्र पूरा किया जाए। उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि किसान किसी भी वाहन से अपनी फसल मंडी में ला सकता है। यदि वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर उपलब्ध नहीं है, तो उसकी फोटो लेकर एंट्री की जाए। किसी भी स्तर पर किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए, यह सभी अधिकारी सुनिश्चित करें। बैठक में डीएफएससी वरिंद्र सिंह, हैफेड डीएम अनूप सिंह, डीएमईओ अभिनव वालिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। संवाद