कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में तीन दिवसीय दौरे के तहत पहुंची एनक्वास की टीम ने मंगलवार को दूसरे दिन भी अस्पताल का निरीक्षण किया। टीम मरीजों के इलाज के रिकॉर्ड की जांच की और ब्लड सेंटर, इमरजेंसी व सामान्य वार्ड का दौरा कर व्यवस्थाएं परखी।
टीम में गुजरात से हेमंत भटनागर, चंडीगढ़ से रेनू भ्याना और केरल से सीमा मुरली शामिल हैं। इससे पहले इस योजना में तीन साल पहले ही जिला नागरिक अस्पताल को सांत्वना पुरस्कार मिला था। अब इस एनक्वास की टीम की तरफ से सुविधाओं के आधार पर ही अस्पताल को रैंकिंग मिलेगी। अब यह टीम बुधवार को अंतिम दिन निरीक्षण का पूरा रिकार्ड तैयार कर अपने साथ ले जाएगी।
टीम ने मंगलवार को सबसे पहले सामान्य वार्ड का दौरा किया। यहां मरीजों से बातचीत की और उन्हें मिलने वाले इलाज के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद ब्लड सेंटर का दौरा किया। यहां की सभी मशीनों की जांच की। अंत में इमरजेंसी में दाखिल मरीजों से बातचीत की। स्टाफ ने उन्हें जानकारी दी। टीम में शामिल सदस्य रेनू भ्याना ने बताया कि अस्पताल में मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार करना उनका लक्ष्य है।
पहले दिन यह की थी जांच
एनक्वास की टीम ने सोमवार को पहले दिन सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, अस्पताल प्रबंधक के अधिकारियों व नर्सिंग ऑफिसर से जानकारी ली थी। बैठक में अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए थे। पीएमओ कार्यालय के बाहर लगे सूचना पट्ट पर हुई गलती पर नाराजगी जताई थी। अधिकारियों ने इसे ठीक करवाया था। टीम के सदस्यों ने फार्मेसी स्टोर में दवाओं की उपलब्धता, ऑपरेशन थियेटर के बाहर लगे ऑपरेशन के शेड्यूल की जानकारी ली थी। सामान्य वार्ड में मरीजों के साथ उनके तीमारदार बैठे तो उन्हें बाहर भेजा था। वार्ड में लगी ऑक्सीजन जांच को लेकर लगाई गई मशीन भी बंद पड़ी थी। नर्सिंग ऑफिसर को बुलाकर मशीन को चलाया गया था।